मुरादाबाद। जिले में डेंगू और बुखार का प्रकोप लगातार जारी है। कुंदरकी में श्रमिक की बुखार से मौत हो गई, जबकि जिले के सरकारी अस्पतालों में रविवार को लगाए गए मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 163 मरीज बुखार पीड़ित मिले। मेले में 133 मरीजों की मलेरिया की जांच भी कराई गई। बुखार पीड़ितों की बढ़ती संख्या से जिले में दहशत का माहौल है। सरकारी अस्पतालों सहित नर्सिंग होम में बुखार से पीड़ितों की प्रतिदिन कतार लग रही है।
जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रामक बीमारियों के रोकथाम के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए जाने से बुखार पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कुंदरकी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम आजमनगर चोपड़ा निवासी मजदूर जफरुद्दीन (32) पुत्र जाहिद सैफी को आठ दिन पहले बुखार आया था। बुखार को सामान्य मानकर पहले गांव के ही निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया, लेकिन कोई आराम नहीं हुआ। रविवार को पीड़ित जफरुद्दीन की अचानक हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे लेकर मुरादाबाद के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही जफरुद्दीन ने दम तोड़ दिया। वहीं, जिले की पीएचसी और अरबन पीएचसी पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया, जहां 2336 मरीज इलाज कराने पहुंचे। स्वास्थ्य परीक्षण में बुखार के 163 मरीज मिले। 133 मरीजों की मलेरिया की जांच कराई गई, जबकि 229 मरीजों की कोविड एंटीजन टेस्ट कराया गया।