कुंदरकी। मुरादाबाद और कुंदरकी के बीच रेलवे ट्रैक पर गदीपुर के पास ग्राम तख्तपुर हाशा निवासी भट्ठा मजदूर अतुल कुमार (22) का शव मिला। उसकी बाइक भी रेलवे ट्रैक के पास ही खड़ी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। इसके बाद रेलवे कर्मी भी पहुंचे। पुलिस के अनुसार कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम तख्तपुर हाशा निवासी भट्ठा मजदूर अतुल कुमार (22) गौरी शंकर सैनी का पुत्र था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अतुल कुमार शनिवार की रात साढ़े नौ बजे बाइक से घर से गांव में ही चौराहे तक जाने की बात कहकर निकला था लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटा।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात युवक का शव क्षेत्र में ही गदीपुर के पास रेलवे ट्रैक पर होने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस ने जांच-पड़ताल की। वहीं ग्रामीणों के साथ परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। रविवार की शाम युवक का शव घर पर पहुंचा तो परिजनों में चीत्कार मच गई। शाम को ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
दो बहनों का इकलौता भाई था अतुल, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
कुंदरकी। रेलवे ट्रैक पर अपनी जान गंवाने वाला अतुल कुमार अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। बचपन में ही उसकी मां की मृत्यु हो गई थी। डेढ़ साल पहले उसने अपनी पसंद की लड़की से शादी की थी लेकिन अभी कोई संतान भी है। वहीं इकलौते बेटे की मौत पर उसके पिता गौरी शंकर के अलावा दोनों बहनें सुशीला और बबीता गम से बेहाल नजर आईं। जिनको परिवार की महिलाएं दिलासा देती नजर आईं।