मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र के गोविंद नगर में निर्यात फर्म के सुपरवाइजर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। शव के पास ही मृतक की बाइक खड़ी मिली। बाइक के नंबर और जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने सुपरवाइजर की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। वहीं, मंगलवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी।
मझोला थानाक्षेत्र की नेता कालोनी जयंतीपुर निवासी सोनू (32) पुत्र सतीश चंद्र कटघर क्षेत्र के पीतल बस्ती में निर्यात फर्म में सुपरवाइजर था। परिवार में पत्नी पूजा और दो बच्चे यश और आयुष हैं। सोनू के मामा बांके लाल ने बताया कि सोनू रोज की तरह सोमवार सुबह भी ड्यूटी के लिए घर से निकला था। सोमवार रात तक वह घर नहीं लौटा। घर में उसके लौटने का इंतजार हो रहा था। इस दौरान कटघर थाने से फोन कर सूचना दी कि गई कि सुपरवाइजर का शव कटघर थाना क्षेत्र के गोविंद नगर रेलवे क्रासिंग के पास पड़ा मिला है। परिजन जब तक रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे तब तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा चुकी थी। जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर परिजनों ने मृतक की पहचान सोनू के रूप में की। सुपरवाइजर के मामा व अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि सुपरवाइजर की जहर खिलाकर हत्या की गई है। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। विसरा सुरक्षित रखा गया है, जिसे जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा।