मुरादाबाद। समाज में सुरक्षा का माहौल बनाने के साथ ही पुलिस विभाग में कार्यरत महिला कांस्टेबलों ने जूडो क्लस्टर प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर वर्दी का मान बढ़ाया है। वह पूरी शिद्दत के साथ अपनी ड्यूटी करती हैं और कड़ी मेहनत और जुनून से नियमित अभ्यास भी करती हैं। महिला कांस्टेबल का कहना है कि एसएसपी सतपाल अंतिल बहुत प्रोत्साहित कर रहे हैं। उनके निर्देश पर इस तरह ड्यूटी लगवाई जाती है कि हम अभ्यास के लिए समय निकाल सकें।
कॉमनवेल्थ गेम के लिए फेडरेशन कप में हुआ चयन
हैदराबाद में 23 से 30 जुलाई तक आयोजित 11वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता 2026 में रजत पदक जीता है। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से ही मेरा चयन सितंबर में होने वाले फेडरेशन कप के लिए यूपी पुलिस टीम में हुआ है। यह इसलिए अहम है कि इसके माध्यम से कॉमनवेल्थ गेम के लिए चयन किया जाएगा। बताया कि पिछले वर्ष ऑल इंडिया प्रतियोगता में कांस्य हासिल किया है। कहा कि मेरे सीनियर सहयोगी हेड कांस्टेबल मनोज कुमार ने मुझे प्रोत्साहित किया था। मैं प्रतिदिन तीन घंटे सुबह और तीन घंटे शाम को अभ्यास करती हूं। मेरा मानना है कि हमारा थोड़ा सा हौसला और प्रयास हमें अपने समाज में गौरव बढ़ाने का अवसर देता है।
कांस्य पदक जीता, अब ऑल इंडिया में खेलना लक्ष्य
ठाकुरद्वारा थाने में तैनात कांस्टेबल राखी ने जुलाई में बनारस में हुई उत्तर प्रदेश पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है। उन्होंने बताया कि पुलिस में भर्ती होने के बाद तीन साल पहले मैंने शौक में खेलना शुरू किया था, लेकिन कब यह मेरा सपना बन गया पता ही नहीं चला। जूडो के अलावा मई माह में लखनऊ में आयोजित एथलीट प्रतियोगिता में मैं तीसरे स्थान पर रही। इसके अलावा जून माह में बदायूं में हुई कबड्डी, खो-खो प्रतियोगिता में दूसरा स्थान मिला। मेरा सपना ऑल इंडिया प्रतियोगिता में पदक जीतने का है। उच्चाधिकारियों के सहयोग से ही नौकरी के साथ अभ्यास करना आसान हो पा रहा है और इसलिए हम पदक जीत पा रहे हैं।