संवाद न्यूज एजेंसी
मुरादाबाद। इस्कॉन प्रचार समिति की ओर से बुधवार को ऋणमुक्तेश्वर मंदिर से संकीर्तन यात्रा निकाली गई। यात्रा बुद्धि विहार के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज और “हरे कृष्ण हरे राम” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा का समापन बुद्धि विहार स्थित बैंक्वेट हॉल में हुआ, जहां कथा का आयोजन किया गया। कथावाचक साक्षी गोपाल दास ने श्रद्धालुओं को कथा सुनाई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली चौहान रहीं। इसके बाद अश्विनी कुमार रस्तोगी की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।