सड़कों पर बाइकर्स के आतंक और घरों में डकैतों के तांडव के बाद दुस्साहसिक लुटेरों ने अब एटीएम लूटने की कोशिश कर पुलिस को खुली चुनौती दी है। सोमवार रात शहर के पॉश इलाके रामगंगा विहार में बदमाशों ने एसबीआई के एटीएम को तोड़कर रकम लूटने की कोशिश की।
गनीमत रही कि बदमाश लॉकर को खोलने में नाकाम रहे। जिसकी वजह से एटीएम में रखे 20 लाख रुपये बच गए। एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक नकाबपोश बदमाश कैद हुआ है। शाखा प्रबंधक की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने चोरी की कोशिश का मामला दर्ज किया है।
रामगंगा विहार स्थित एसबीआई बैंक के बाहर एटीएम बूथ है। शाखा प्रबंधक कुलदीप शर्मा ने बताया कि सोमवार रात आठ बजे बैंक और एटीएम बंद कर दिया जाता है। सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक सुरक्षाकर्मी बैंक के बाहर मौजूद रहते हैं।
मंगलवार सुबह आठ बजे जब सुरक्षाकर्मी वहां पर आया तो उसने एटीएम बूथ का शटर खुला देखा। अंदर एटीएम क्षतिग्रस्त था। बैंक के बाहर और एटीएम बूथ का सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त था।
बैंक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची तो सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि एक नकाबपोश बदमाश लोहे की रॉड लेकर एटीएम बूथ के अंदर घुसा था। जिसने एटीएम को क्षतिग्रस्त कर चोरी की कोशिश की थी।