चार दिन से लापता चल रहे कटघर निवासी हकीम असगर अली उर्फ इरफान की हत्या कर दी गई। गुरुवार को हकीम की लाश हल्द्वानी के नवाढ़ मौला हरकसिंह गांव के जंगल में मिली। कातिलों ने लाश को मिट्टी में दबा दिया था।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में हकीम की पत्नी और भांजे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कटघर के सीतापुर निवासी हकीम असगर अली दस अप्रैल को हल्द्वानी गए थे। उसी रात को उनका फोन स्विच ऑफ हो गया था। आशंका में डूबे परिजनों ने भगतपुर थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
बारह अप्रैल को हकीम की कार भगतपुर क्षेत्र के रोशनपुर रेलवे क्रासिंग के पास लावारिस हालत में मिली थी। भगतपुर एसओ अरविंद मोहनशर्मा ने बताया कि असगर की सीडीआर निकलवाई तो कुछ सबूत हाथ लगे। जिनके आधार पर पुलिस ने हकीम की पत्नी रेहाना और मुंहबोले भांजे नजीमुल्ला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
हिरासत में लिए गए आरोपियों की निशानदेही पर शुक्रवार को भगतपुर पुलिस ने हल्द्वानी से लाश बरामद कर ली है। लाश की शिनाख्त हकीम के बड़े भाई अफसर अली ने की। उन्होंने बताया कि असगर अली मूल रूप से रामपुर जिले के पर्वतपुर के रहने वाले थे। हल्द्वानी में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव मुरादाबाद ले आए हैं।
हकीम असगर अली की हत्या की योजना उनकी पत्नी और मुंहबोले भांजे ने ही बनाई थी। भांजा मुरादाबाद से हकीम के साथ ही हल्द्वानी गया था। वहां से लौटते समय कार में गला दबाकर उनकी हत्या कर दी और कार भगतपुर में छोड़ दी।
इसके बाद पत्नी हकीम को ढूंढते-ढूंढते खुद ही भगतपुर में लावारिस हालत में खड़ी हकीम की कार के पास पहुंच गई और पुलिस को भी सूचना देकर मौके पर बुला लिया था। जबकि उसने अपने बयान में बताया था कि उसके पति रामपुर होते हुए हल्द्वानी गए थे।
हकीम रामपुर के रास्ते हल्द्वानी गए थे तो पत्नी भगतपुर में कैसे कार के पास पहुंच गई... इन्हीं सवालों में फंसी महिला से पुलिस ने पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह किया। लेकिन जब पुलिस हकीम की कॉल डिटेल निकालकर उसे दिखाई तो वह टूट गई और उसने सच्चाई उगल दी।
इसके बाद हल्द्वानी के जंगल में गाड़ा गया शव भी पुलिस को बरामद करा दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कटघर के सीतापुरी निवासी हकीम असगर अली की हत्या उसी की कार में गला घोंट कर की गई थी। इसके बाद लाश हल्द्वानी के जंगल में दबा दी थी। कातिल कार से काशीपुर होते हुए भगतपुर में रोशनपुर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंच गए थे।
यहां उन्होंने कार खड़ी की और मौके से फरार हो गए। हत्याकांड की साजिश रचने वाले नजीमुउल्ला और उसके साथियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जबकि हकीम की पत्नी रेहाना से भी पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस शुक्रवार को इस हत्याकांड का औपचारिक खुलासा करेगी।