कांठ के सलेमपुर गढ़ी गांव में 22 दिसंबर को घर में घुसकर की गई नईम जहां की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस सूत्रों का दावा है कि वारदात को नईम जहां के विदेश में रहने वाले एक करीबी शख्स ने अपने रिश्ते के भाई समेत अन्य से अंजाम दिलवाया है। हत्यारे रामपुर से आए थे।
पुलिस ने हत्यारों की तलाश में रामपुर में दबिश दी लेकिन वह भागे हुए हैं। जल्द ही उनको गिरफ्तार किया जा सकता है। दरअसल, विदेश में रहने वाला शख्स नईम जहां का बेहद करीबी है। जांच के दौरान पता चला है कि उसने नईम जहां से धोखाधड़ी की है। जिसकी वजह से वह उससे खफा थी। दोनों की फोन पर कहासुनी भी हुई थी।
नईम जहां उसे जेल भिजवाने की तैयारी कर रही थी, उसे इंतजार था तो बस उस रिश्तेदार के विदेश से मुरादाबाद लौट कर आने का। सूत्रों की मानें तो जेल जाने से बचने के लिए नईम जहां की हत्या की साजिश विदेश में बैठे उसी शख्स ने रची थी।
उसने नईम की हत्या के लिए अपने ही रिश्ते के भाई समेत अन्य को चुना था, हत्यारोपी रामपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जिन्हें नईम जहां पहचानती थी। पुलिस को अंदेशा है कि हत्यारे वारदात की रात उस शख्स और नईम जहां के बीच समझौते की बात करने के बहाने सलेमपुर गढ़ी गांव अचानक पहुंचे थे।
बहाने से रुके घर में, वारदात के लिए किया नईम के सोने का इंतजारपुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपियों ने नईम जहां को उसके घर आने की जानकारी पहले से नहीं दी। वह नहीं चाहते थे कि उनकी पहचान जाहिर हो। इस वजह से आरोपी नईम जहां के घर अंधेरा हो जाने पर पहुंचे। जिससे की उन्हें कोई देख न सके।
इसके बाद घर जाने में देर हो जाने का बहाना कर वहीं पर रुक गए। यही वजह थी कि नईम जहां लिहाफ मांगने के लिए भी घर से थोड़ी दूर रहने वाले मायके वालों के पास जाने के बजाय पड़ोसी से लिहाफ मांगकर लाई। पड़ोसी के पूछने पर उसने बताया था कि रिश्ते के देवर उसके घर आए हैं।
आरोपियों ने रात को नईम जहां के सोने का इंतजार किया। नईम जहां के सो जाने के बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया, जिस वजह से वह विरोध तक न कर सकी।
‘नईम जहां हत्याकांड में संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली है। वह रामपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
- एसपी देहात उदय शंकर सिंह