गलशहीद थानाक्षेत्र में प्रापर्टी डीलर महावीर शर्मा और उसके भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महावीर का शव हरपाल नगर की पहली गली में पड़ा मिला, जबकि उसके साढ़ूू के बेटे राहुल शर्मा को दो सौ मीटर दूर जवाहर नगर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। देर शाम हुए इस दोहरे हत्याकांड से शहर में दहशत फैल गई।
सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीआईजी ओंकार सिंह ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।पुलिस के मुताबिक, हरपाल नगर में मनोज समोसे वाले के सामने वाली गली में पौने सात बजे लोगों ने फायरिंग की आवाज सुनी। लोग मौके पर पहुंचे तो अंधेरे में एक शव पड़ा था। जबकि नाली में मकान की दीवार से टिकी हुई बाइक खड़ी थी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की कोशिश की। इसी बीच घटनास्थल से दो सौ मीटर दूर जवाहर नगर में रवि कौल के मकान के ठीक सामने एक पच्चीस वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव पड़ा था। इस घटना से शहर की पॉश कालोनी में हड़कंप मच गया।
दोहरे हत्याकांड की जानकारी से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दी। पुलिस ने बाइक के कागजात के आधार उसके मालिक को कॉल की। कॉल रिसीव करने वाले ने अपना नाम वीरेंद्र शर्मा बताया।
उसने बताया कि उसके बड़े भाई महावीर शर्मा निवासी सूर्य नगर लाइन थाना मझोला उसकी बाइक लेकर कहीं गए हैं। वीरेंद्र ने मौके पर पहुंचकर एक शव की पहचान अपने भाई महावीर शर्मा के रूप में की। जबकि दूसरा शव महावीर के साढ़ू के बेटे राहुल शर्मा का है। राहुल शर्मा दीन दीनदारपुरा शहर कोतवाली निवासी था।
राहुल शर्मा एमकॉम का छात्र था। वीरेंद्र ने बताया कि पांच साल पहले उसके दूसरे भाई की भी हत्या की गई थी। डीआईजी ओंकार सिंह ने भी महावीर के भाइयों से पूछताछ की। पुलिस हर पहलू की जांच पड़ताल कर घटना का खुलासा करने में जुट गई है।
गलशहीद क्षेत्र के हरपाल नगर और जवाहर नगर में हत्याएं की गई हैं। मृतक आपस में रिश्तेदार थे। दोनों की पहचान हो गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। जबकि हत्यारों की तलाश में टीमें जुटी हैं।
ओंकार सिंह, डीआईजी मुरादाबाद