भगतपुर की मानपुर पुलिस चौकी में एक युवक को थर्ड डिग्री देने का मामला सामने आया है। पुलिस युवक को मारपीट के मामले में चौकी ले गई थी। आरोप है कि दूसरे पक्ष से रकम लेकर दरोगा और सिपाहियों ने उसे बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं पुलिस वालों ने अपना गुनाह छिपाने के लिए युवक का भांति भंग में चालान कर दिया। दो दिन बाद गुरूवार को पीड़ित ने एसएसपी से मामले की शिकायत की। एसएसपी ने चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है।
भगतपुर थानाक्षेत्र के चक भीमराव निवासी प्रेम सिंह की बगिया से मिलक धर्मपुर उर्फ चुग्गो में रहने वाले बच्चों ने अमरूद तोड़ लिए थे। आरोप है कि प्रेम सिंह ने इन बच्चों की पिटाई कर दी थी। खबर मिलने पर मिलक धर्मपुर निवासी इरफान वहां पहुंच गया था। उसने बच्चों का बचाव किया। इसी बात को लेकर इरफान और प्रेम सिंह के बीच मारपीट हो गई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को चौकी ले गई थी। आरोप है कि चौकी में दरोगा और सिपाहियों ने इरफान को डंडों से पीटा। इसके बाद पुलिस ने दोनों का शांति भंग में चालान कर दिया। गुरूवार को इरफान विधायक प्रतिनिधि हाजी कसीम उल हक को साथ लेकर एसएसपी से मिला और उसने दरोगा कालेंद्र सिंह यादव की शिकायत की। उसने बताया कि पुलिस वालाें ने उसे बेवजह पीटा था।
एसएसपी नितिन तिवारी ने पूरी बात सुनने के बाद चौकी इंचार्ज कालेंद्र यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि गुरूवार को कुछ लोग उनसे मिले थे। उन्होंने दरोगा पर पीटने का आरोप लगाया है। दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जबकि सीओ ठाकुरद्वारा ओपी आर्य को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।