सीएम योगी आदित्य नाथ ने शनिवार को मेरठ में पुलिस को खुली छूट का एलान किया। उन्होंने कहा कि बदमाशों को उन्हें की भाषा में जवाब दें। गोली का जवाब गोली से ही दें। इसके बाद यूपी पुलिस के ‘सिंघम’ एनकाउंटर पार्ट टू की तैयारी में जुट गए हैं। वांछित और इनामी बदमाशों की लिस्ट बनाकर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
दूसरे जनपदों के साथ ही मुरादाबाद में भी मुखबिर तंत्र के जरिये इनामी बदमाशों की तलाश तेज हो गई है। सीएम के इस एलान के बाद वर्दीधारियों में हिम्मत भर आई है।उत्तर प्रदेश में सत्ता संभालने के बाद सीएम योगी आदित्य नाथ ने एलान किया था कि प्रदेश को अपराध मुक्त किया जाएगा। लेकिन प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ गया।
लूट, हत्या, डकैती और अपहरण व फिरौती की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसके बाद तत्कालीन डीजीपी सुलखान सिंह ने प्रदेश पुलिस को खुली छूट दी। अपराधियों को उन ही की भाषा में जवाब देने का एलान किया। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों को मारना गिरना शुरू कर दिया।
पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फर नगर, बागपत, शामली, नोएडा, बिजनौर, मुरादाबाद समेत अन्य जनपदों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थीं। मुरादाबाद में पुलिस और सर्राफ के घर डकैती डालने वाले बदमाशों के बीच अगवानपुर के जंगल में मुठभेड़ हुई थी। यहां पुलिस ने बदमाशों के पैरों में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार किया था।
जबकि उनकी निशानदेही पर करोड़ रुपये की कीमत का सोना भी बरामद किया गया था। इसके अलावा मझोला, मूंढापांडे में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हुई थीं। लेकिन निकाय चुनाव नजदीक आने के बाद पुलिस ने एनकाउंटर बंद कर दिए थे। प्रदेश में निकाय चुनाव शांति पूर्ण निपट गए।
शामली में सिपाही अंकित तोमर के शहीद होने के तीन दिन मेरठ पहुंचे सीएम योगी आदित्य नाथ ने पुलिस को फिर से खुली छूट दी है। उन्होंने एलान किया है कि बदमाशों को उन्हीं की भाषा में जवाब दें। यूपी पुलिस के दबंग और सिंघम एनकाउंटर पार्ट टू की तैयारी में जुट गए हैं। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूूत्रों का दावा है कि उन दरोगा व इंस्पेक्टरों को भी चार्ज देने की तैयारी की जा रही है। जो अपराधियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने में माहिर रहे हैं। लेकिन पिछले लंबे समय से उन्हें चार्ज नहीं मिल पाया था।
मुरादाबाद और बिजनौर जनपद की पुलिस के अलावा एटीएस भी कचहरी से फरार हुए शातिर बदमाश आदित्य की तलाश में जुटी है। कचहरी से भागने के बाद भी उसने दो हत्याएं कर दी हैं। उसके साथी विशाल ने तो पुलिस को बताया था कि आदित्य अभी और हत्याएं करेगा।