करुला में अनस ऑयल टेड्रर्स की दुकान पर नकली डीजल की जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नमकीन, बिस्कुट और पेट्रोल के बाद अब सर्वो और केस्ट्रॉल जैसी नामचीन कंपनियों के नाम पर नकली मोबिल आयल बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई हैं। रविवार को पुलिस-प्रशासनिक टीम ने करूला इस्लाम नगर में फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली मोबिल आयल बरामद किया है।
इसके अलावा एक गोदाम पर भी दबिश दी। यहां से भी टीम ने माल बरामद किया है। पुलिस दो लोगाें को हिरासत में लिया है। यहां से मुरादाबाद के अलावा कई और जिलों में मोबिल आयल की सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है।
शहर में लंबे समय से नकली मोबिल ऑयल और पेट्रोल बनाने की सूचनाएं पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। अफसरों के आदेश पर सीओ कटघर महेश कुमार और एसीएम के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं।
टीमों ने रविवार दोपहर करूला और पंडित नगला में छापा मारा तो सर्वो और केस्ट्रोल कंपनी के नाम पर अवैध तरीके से तैयार किया गया मोबिल ऑयल मिला। दोनों कंपनियों के तमाम डिब्बे यहां पड़े थे। जिसमें मोबिल आयल भरा जाना था। फैक्ट्री मालिक ने पुलिस की इस कार्रवाई को विरोध किया।
भीड़ जुटने पर पुलिस को अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में सर्वो और केस्ट्रोल कंपनी के लोगो लगे डिब्बे और ड्रम बरामद कर लिए। पुलिस ने यहां से दो लोगों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह वह तैयार माल दस सराय पुलिस चौकी के सामने अनस मोबिल ट्रेडर्स को सप्लाई करते हैं। इसके बाद टीम ने यहां दबिश दी। पुलिस को देखकर गोदाम स्वामी भड़क गया। जांच पड़ताल में फैक्ट्री और गोदाम संदिग्ध पाए गए हैं। टीम ने सैंपल लेकर फैक्ट्री और गोदाम सील कर दिए हैं। यहां से भी पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया।