मुरादाबाद के कटघर थाने में एक महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला की सास की तहरीर पर ये कार्रवाई की है। जिसमें आरोप है कि महिला ने जहर खिलाकर अपने पति की हत्या की है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, कटघर के पीतल नगरी सूरज नगर गली नंबर एक निवासी बीना सिंह ने अपनी पुत्रवधु नीलू उर्फ मेघना जौहरी निवासी श्यामा देवी स्कूल के पास सूरज नगर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। जिसमें बीना ने बताया कि उसके बेटे विशाल चौहान की शादी डेढ़ महीने पहले नीलू उर्फ मेघना जौहरी के साथ हुई थी। बीना का आरोप है कि उसका बेटा नीलू के गलत आचरण का विरोध करता था। जिस कारण उसकी पत्नी विशाल के साथ गाली गलौज व मारपीट करती थी। आरोप है कि नीलू विशाल को जान से मारने की धमकी देती थी।