गुवाहाटी से दिल्ली जा रहे एक ट्रक चालक का शव ट्रक में चालक की सीट पर पड़ा मिला। परिचालक की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट है कि चालक ने शराब पी रखी थी, अंदेशा है जहरीले पदार्थ के सेवन से उसकी मौत हुई है। जांच के लिए विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है।
पंजाब के होशियारपुर जिला स्थित हरियाना थानाक्षेत्र में रहने वाले हरदीप सिंह (38) ट्रक चलाने का काम करते थे। वह गुवाहाटी से केमिकल से लदा ट्रक लेकर दिल्ली जा रहे थे। बुधवार रात को मूंढापांडे में ट्रक पहुंचने पर परिचालक लक्की ने फोन कर पुलिस को हरदीप के मौत की सूचना दी।
एसएचओ मूंढापांडे सारिक खान ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो हरदीप चालक की सीट पर बेसुध हालत में पडे़ थे, उनको जिला अस्पताल लाया गया तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ के दौरान लक्की ने बताया कि मूंढापांडे में एक ढाबे पर वह दोनो बुधवार रात खाना खाने के लिए रुके थे, वहां पर खाना खाकर चले तो कुछ दूरी तय करने के बाद ही हरदीप ने जीरो प्वाइंट के पास तबियत खराब होने की बात कह ट्रक रोक दिया। लक्की इस दौरान दुकान पर चाय लेने गया, वापस आया तो देखा जयदीप ट्रक में बेसुध पडे़ थे।
एसएचओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जयदीप के शराब पीने की पुष्टि हुई है। अंदेशा जताया गया है कि जहरीले पदार्थ के सेवन से उनकी मौत हुई है, बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है।