भीख मंगवाने के लिए एक गैंग ने टेलर का अपहरण किया और उसके दोनों हाथ काट डाले। टेलर की हालत बिगड़ी तो गैंग ने दिल्ली में उसे रोड साइड फेंक दिया। सड़क किनारे पड़े मिले मुरादाबाद के टेलर को पब्लिक ने लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां होश आने पर युवक ने आपबीती सुनाई। परिजन उसे दिल्ली से मुरादाबाद ले आए हैं। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव मधुपुरी में कल्लू सिंह परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा धर्मेंद्र सिंह (22) टेलर है।
परिजनों के मुताबिक 17 अप्रैल की शाम को धर्मेंद्र घर के पास खड़ंजे पर घूमने गया था। इस दौरान वहां पर उसे एक युवक मिला। आरोप है कि युवक ने धर्मेंद्र को बातचीत के बहाने रुमाल सुंघाया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद रुमाल सुंघाने वाला युवक साथियों की मदद से धर्मेंद्र को अगवा कर दिल्ली ले गया।
गैंग ने वहां उसके दोनों हाथ काट दिए। परिजनों को अंदेशा है कि ऐसा उससे भीख मंगवाने के लिए किया गया। लेकिन कलाई से दोनों हाथ काटने की वजह से धर्मेंद्र की हालत ज्यादा बिगड़ी तो गैंग उसे गंभीर हालत में पटेल नगर में फेंककर भाग गया। घायल को गंभीर हालत में लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
धर्मेंद्र ने बताया कि उपचार के दौरान उसकी हालत सुधरी तो उसने बुधवार को काल कर परिजनाें को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे उपचार के लिए दिल्ली से मुरादाबाद के जिला अस्पताल लेे आए।
इस संबंध में मैनाठेर थाने में परिजन जल्द ही शिकायत दर्ज कराने का दावा कर रहे हैं। एसपी देहात अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।