समाज की बंदिशों को दरकिनार करते हुए एक युवती मंगलवार को प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंच गई। युवती की हिम्मत के आगे बिरादरी को झुकना पड़ा। दोनों पक्षों के लोगों की पंचायत बैठी और फिर दोनों का निकाह करा दिया गया। इससे पहले बिरादरी की पंचायत ने प्रेमी प्रेमिका के मिलने पर पाबंदी लगा दी थी।
मामला पाकबड़ा थाना क्षेत्र के गांव नग्ला बलबीर का है। गांव के एक युवक और युवती के बीच में पिछले काफी समय से अफेयर चल रहा था। दोनों एक ही बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं। जब परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो मामला बिरादरी की पंचायत तक जा पहुंचा। पंचायत बैठी और पंचों ने युवक व युवती के मिलने पर पाबंदी लगा दी। पंचायत के दो दिन बाद ही युवती ने पंचायत के फैसले का विरोध शुरू कर दिया।
युवती प्रेमी से निकाह की जिद पर अड़ गई। युवती ने हिम्मत जुटाई और चंद लोगों के साथ प्रेमी के घर जा पहुंची। प्रेमी के घर वालों ने पुलिस को बुला लिया लेकिन युवती प्रेमी के साथ शादी की जिद पर अड़ी रही। जिसके बाद फिर से बिरादरी की पंचायत बैठी और दोनों का निकाह करा दिया गया।