कटघर का मोहल्ला पीरजादा सोमवार देर शाम तेज धमाकों की आवाज से दहल उठा। एक के बाद एक दो तेज धमकों से लोग सहम गए। खिड़कियों का कांच टूट गया और मारे दहशत के लोग घरों में दुबक गए। कुछ देर के सन्नाटे के बाद लोग घरों से बाहर आए तो पीरजादा की एक गली में बारूद के निशान चस्पा थे।
बुर्का कारखाना मालिक शाहिद का कहना है कि हमला उसके ऊपर किया गया था। उसकी पत्नी के रिश्तेदार ने उस पर देशी बम फेंके थे। जिनमें वह बाल - बाल बचा। धमकाें की सूचना से पुलिस महकमा भी हिल गया। अफसर मौके पर पहुंचे और फारेंसिक एक्सपर्ट भी कॉल कर लिए गए। पुलिस को शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि मामला पति पत्नी के बीच विवाद का था।
सहायक पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने बताया कि पीरजादा में हुई यह घटना बुर्का बनाने का कारखना चलाने वाले शाहिद हुसैन और उसकी पत्नी महजबीं के बीच हुए विवाद की परिणति है। उन्होंने बताया कि कटघर थानाक्षेत्र के पीरजादा निवासी शाहिद हुसैन की शादी करीब पंद्रह साल पहले महजबी से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
महजबी अपने मायके में रह रही है। दोनों के बीच तलाक की नौबत आ गई है। सोमवार शाम दोनों पक्षों के लोगों की पंचायत बैठी थी। एएसपी ने बताया कि बकौल शाहिद पंचायत चल ही रही थी तभी उसकी पत्नी का रिश्तेदार मोहसिन आया और देशी बम से उसके ऊपर हमला बोल दिया। हालांकि पहले शाहिद ने हमला अपने घर पर होना बताया लेकिन बाद में पुलिस को बताया कि हमला उसके पड़ोसी आसिफ के घर पर हुआ है।
तेज आवाज के साथ हुए धमाके से इलाके में सनसनी फैल गई। शाहिद का कहना है कि अफरातफरी का फायदा उठाकर हमलावर मौके से फरार हो गए। एएसपी ने बताया कि फिलहाल शाहिद की तहरीर पर मोहसिन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। लेकिन पुलिस को यह भी शक है के पत्नी पक्ष पर दबाव बनाने के लिए खुद शाहिद ने ही यह देशी बम चलाए हैं। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। मोहसिन की भी तलाश की जा रही है।