सर्द रात में स्टेथन पर अपने गंतव्य के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे उन यात्रियों के जिस्मों में तब और सिहरन दौड़ गई जब रेलवे ट्रैक पर एक महिला का कटा हुआ सिर पड़ा देखा।
वाक्या धर्मनगरी मथुरा का है। रात के करीब दो बज रहे थे। बाहर सन्नाटा था लेकिन स्टेशन पर गाड़ियों के आने-जाने से कुछ हलचल थी। तभी प्लेटफॉर्म नंबर एक पर कुछ यात्रियों ने पटरियों के पास एक महिला का सिर देखा।
खबर लगते ही जीआरपी के जवान भी मौके पर पहुंच गए। केवल सिर मिलने से रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। महिला का सिर बरामद कर उसका धड़ खोजने की कवायद हुई।
स्टेशन पर गश्त कर रहे जीआरपी के जवानों ने एक छोर से दूसरे छोर तक पूरा स्टेशन छान मारा लेकिन महिला का धड़ नहीं मिला।
इसके बाद जीआरपी ने मथुरा से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक के सभी कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी और धड़ को खोजने के लिए कहा।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक पंकज लवानिया के मुताबिक महिला ने कानों में कुंडल थे और उसकी आयु करीब 45 वर्ष होगी। हो सकता है कि महिला ने आत्महत्या की हो और उसका सिर इंजन में फंसकर जंक्शन स्टेशन पर आ गया हो। जबकि उसका धड़ वहीं मौके पर ही रह गया हो। अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। फिलहाल धड़ खोजने का प्रयास किया जा रहा है।