पाकबड़ा पुलिस ने वेस्ट बंगाल के मालदा निवासी सप्लायर को पकड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
संभल में नकली नोटों के धंधेबाजों को फेक करेंसी की डिलीवरी देने के लिए पहुंचा पश्चिम बंगाल का तस्कर 1.40 लाख रुपये के जाली नोटों समेत मुरादाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों की पूछताछ में उसने कबूल किया है कि वह संभल में मुल्ला नाम के एक शख्स को जाली नोटों की डिलीवरी देने आया था।
पकड़े गए शबी उल अबू दीन ने दिल्ली और वेस्ट यूपी में जाली नोटों की सप्लाई करने की बात कबूली है। पाकबड़ा पुलिस के हत्थे चढ़ा जाली नोटों का तस्कर शबी उल अबू दीन वेस्ट बंगाल के मालदा जिले के कलिया चक थाना क्षेत्र के काशिम नगर का रहने वाला है। पुलिस ने रविवार को उसे पाकबड़ा के गांव कौंडरी से दबोच लिया।
उस वक्त वह 1.40 लाख रुपये के जाली नोटों की खेप लेकर संभल में मुल्ला नाम के शख्स को डिलीवरी देने जा रहा था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया है कि वह मुल्ला का पूरा नाम नहीं जानता।
हर बार वह पश्चिम बंगाल से नकली नोटों की खेप लाता है और मुल्ला उसे फोन करके संभल में हर बार नए ठिकाने पर डिलीवरी देने को कहता है। शबी उल अबू दीन ने पुलिस को बताया है कि वह संभल में हर बार नए ठिकाने पर नोटों की डिलीवरी देता रहा है।
बीस वर्षीय शबी उल अबू दीन पढ़ा लिखा नहीं है। उसके पकड़े जाने की सूचना पर खुफिया एजेंसियों ने भी थाने पहुंचकर उससे पूछताछ की है। पुलिस ने संभल में उसके बताए कई ठिकानों पर छापामारी भी की है। पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।