कैंट पुलिस ने पुलिस लाइंस के पास युवती और सिटी मॉल के पास युवक का मोबाइल लूटने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बदमाशों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल की है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया पर्स, मोबाइल और रकम भी बरामद कर लिया है।
शुक्रवार रात बाइक सवार बदमाशों ने सिटी मॉल के पास कुसुम्ही के पप्पू जायसवाल शुक्रवार शाम दोस्त अनिल के साथ सामान लेने शहर आए थे। रात 9:30 बजे के करीब सिटी मॉल के पास बाइक खड़ी कर वह मोबाइल पर बात करने लगे। इसी बीच पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया था। पप्पू द्वारा दिए गए बदमाशों के बाइक के नंबर के आधार पर देर रात इंस्पेक्टर ओमहरि वाजपेई ने खूंनीपुर के सेराज और तालिब को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में इन लोगों ने सिटी मॉल के अलावा एक महीने पहले पुलिस लाइंस के सामने रुचि शर्मा नाम की युवती से हुई लूट में शामिल होने की बात कबूल की। इनके पास से रूचि का पर्स, एक हजार रुपये के अलावा पप्पू का मोबाइल बरामद हुआ है। सीओ कैंट अभय मिश्रा ने बताया मौज-मस्ती करने के लिए युवकों ने लूट की थी। इनका पिछला कोई क्राइम रिकार्ड नहीं मिला है। दोपहर बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।