गलशहीद थानाक्षेत्र के भूड़े के चौराहे पर बिजली चेकिंग करने गई टीम को लोगों ने घेर कर जमकर पीटा। किसी तरह कर्मचारी वहां से अपनी जान बचाकर भागे। उन्होंने इस मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है।
बिजली कर्मचारी शम्मी कपूर, शिवा दिवाकर और चमन सिंह बुधवार को बिजली चेकिंग करने के लिए भूड़े के चौराहे पर गए थे। उन्होंने यहां एक घर में बिजली चोरी देख ली। आरोप है कि जब उन्होंने तारों का वीडियो बनानी शुरू किया तो लोगों ने उन्हें घेर लिया और पिटाई शुरू कर दी।
किसी तरह कर्मचारी वहां से अपनी जान बचाकर भागे और उन्होंने अपने अधिकारियों का मामले की जानकारी दी। बाद में पुलिस को भी सूचना दी गई है। गलशहीद एसओ शिशुपाल शर्मा ने बताया कि इस तरह की कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं है।
बिजली घर में तोड़फोड़ करने वालों पर केस दर्ज
मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में मंडी समिति बिजली घर में तोड़ फोड़ और कर्मचारियों पर हमला करने वाले चार नामजद समेत दर्जन भर लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जेई रवि रंजन की तहरीर पर पुलिस ने सोनू कत्याल निवासी प्रकाश नगर, रिंकू सरदार , छोटे लाल और सुबोध निवासी दुर्गानगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।