सरोज के दाहिने हाथ के नाखूनों में कातिल का डीएनए मिला है। नाखूनों में फंसे शरीर की खाल के अंश जांच के लिए फोरेंसिक लैब को भेजे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि पंद्रह दिन के भीतर वहां से रिपोर्ट आ जाएगी। पुलिस का कहना है कि सरोज ने संघर्ष किया है। वे कातिल से भिड़ी थीं।
मंगलवार को ही क्राइम सीन पर मिले साक्ष्य से साफ हो गया था कि सरोज ने कातिल से खूब संघर्ष किया था। सरोज की मुट्ठी में बाल भी मिले थे। यह बाल कातिल के ही होंगे। बुधवार को जब शव का पोस्टमार्टम कराया गया तो सरोज के नाखूनों में खाल फंसी मिली। यह भी संघर्ष की ही गवाही दे रही है।
इस खाल के डीएनए से भी पुलिस कातिल तक पहुंचने का रास्ता बनाएगी। बाल को भी फोरेंसिक लैब में भेजा जा रहा है। एसपी सिटी डा. रामसुरेश यादव ने बताया कि खाल और बाल को जांच के लिए भेजा जा रहा है। इससे वर्कआउट में काफी हद तक कामयाबी मिलेगी। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने क्राइम सीन से कई दूसरे साक्ष्य भी उठाए हैं।