यूपी में आतंकवाद निरोधी दस्ते और एनआईए की टीम ने आतंकवादी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर अमरोहा के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर इम्मा में छापा मारा। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में फोर्स की तैनाती भी रही।
दिल्ली से आई एनआईए की टीम ने अमरोहा के मुल्लाना मोहल्ला निवासी मुफ्ती सोहेल, सैदपुर इम्मा गांव के सईद, मोहल्ला परचरा के इरशाद के घरों के अलावा वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट हास्टल और अन्य स्थानों में छापे मारे हैं। एनआईए की टीम तीनों को अपने साथ ले गई है। स्थानीय पुलिस की बिना जानकारी में सीधे उन घरों, स्थानों पर छापे मारे गए जहां की पुख्ता जानकारी एनआईए के पास थी।
अपुष्ट सूत्रों का कहना है कि टीम ने संदिग्ध लोगों के ठिकानों से बड़ी मात्रा में आरडीएक्स, जिलेटिन छड़ें और टाइमर बरामद किया है। कुछ पिस्टल और तमंचे भी मिले हैं। स्थानीय पुलिस के पास इस छापेमारी की फिलहाल पुष्टि नहीं है। बताया गया है कि एनआईए की टीम तीनों संदिग्धों को उठा कर ले गई है। उनके संबंध आतंकियों से बताए जा रहे हैं।
अमरोहा में मुफ्ती सोहेल इनका मास्टर माइंड बताया जा रहा है। यह दिल्ली के किसी मदरसे में पढ़ाने का काम करता है। संभवतः इसने देवबंद से भी पढ़ाई की है। इसके घर के लोग और रिश्तेदार भी पढ़े-लिखे और शैक्षिक गतिविधियों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
एटीएस ने स्थानीय पुलिस के फोन भी जब्त किए हैं। सैदपुर इमा निवासी सईद नाम के व्यक्ति के घर छापेमारी हुई है। इस दौरान टीम ने कुल सात स्थानों पर दबिश दी। सूत्रों के अनुसार वहां से भारी मात्रा में तमंचा और विस्फोटक पदार्थ मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। इस कार्रवाई के कारण स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। मौके पर लोगों की भीड़ लगी हुई है।