पाकबड़ा थाने के गांव लोधीपुर राजपूत से एक वृद्ध दंपति पिछले करीब दो महीने से लापता है। दंपति आठ अप्रैल को हरिद्वार में बैसाखी के भंडारे में हिस्सा लेने गया था लेकिन इसके बाद से पति पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला है। दंपति के छोटे बेटे ने अपने बडे़ भाई के खिलाफ मां बाप को बंधक बनाकर रखने और उनकी हत्या कर देने की आशंका जताते हुए मझोला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
जिसके बाद पुलिस ने खुशहालपुर स्थित आरोपी के घर पर छापा मारा लेकिन वो फरार था। लोधीपुर राजपूत निवासी खुशीराम (70) अपनी पत्नी सरोजबाला (65) के साथ आठ अप्रैल 2015 को हरिद्वार गए थे। खुशीराम के बेटे तेजेंद्र सिंह ने मझोला में दर्ज कराई एफआईआर में कहा है कि 14 अप्रैल तक तो उनकी अपने माता पिता से बात होती रही लेकिन इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो सका।
आरोप है कि पिछले कई वर्षों से परिवार से अलग खुशहालपुर में रह रहा खुशीराम का बड़ा बेटा हरवीर सिंह उर्फ बब्लू माता पिता को हरिद्वार से ले आया और खुशहालपुर में दोनों को बंधक बना लिया। इसके बाद उसने पैतृक संपत्ति का पिता से अपने पक्ष में एग्रीमेंट करा लिया। खुशीराम की दोनों बेटियां भी शिकायत लेकर थाने पहुंचीं। पुलिस ने हरवीर सिंह की तलाश में छापा मारा लेकिन वो घर से फरार था।