मुगलपुरा थानाक्षेत्र में जामा मस्जिद पुल पर गुरुवार शाम रईसजादों ने नशे में धुत होकर कार लहरा दी। जिसकी चपेट में आकर मासूम बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। इस घटना से गुस्साएं लोगों ने कार घेर ली और रईसजादों की जमकर पिटाई की। जबकि कार में तोड़फोड़ कर डाली।
इसी बीच तीन युवक मौका फरार हो गए। जबकि एक युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। कार से शराब की बोतल, गिलास, पानी की बोतल व नमकीन बरामद हुई है। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे डा. राकेश खरे के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार शाम नीले रंग की सेंट्रो कार से चार युवक जामा मस्जिद पुल पर घूम रहे थे। उन्होंने कार में ही शराब की महफिल सजा रखी थी। ये युवक अभी कार को पुल पर खड़ी कर लेते तो कभी कार लेकर ताजपुर माफी की ओर चले जाते थे। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो इन युवकों ने एक दो नहीं दर्जन चक्कर पुल पर कार से लगाए।
इसके बाद उन्होंने पुल की ठोकर से कार को फिर से वापस किया। इसी बीच कार पीछे एक ठेले से ठकरा गई। लोगों ने शोर मचाया तो युवकों ने कार दौड़ा दी। जिसकी चपेट में आकर रामपुर दोराहा निवासी मनदसा पुत्री जुल्फेकार समेत पांच लोग घायल हो गए। इसके बाद लोगों ने कार घेर ली और युवकों को कार से उतारकर उनकी पिटाई शुरू कर दी।
जबकि कुछ लोगों ने कार में तोड़ फोड़ कर दी। इसी बीच तीन युवक मौके से फरार हो गए। जबकि एक युवक को पकड़ लिया। उसने पूछताछ में अपना नाम तौकिर हुसैन बताया। वह पीरजादा का रहने वाला है। पुलिस उसे थाने ले गई। इंस्पेक्टर मुगलपुरा अनिल वर्मा ने बताया कि तहरीर आते ही कार्रवाई की जाएगी। बच्ची को भर्ती करा दिया गया है।