हत्या के एंगल से होगी इंजीनियर के मौत की जांच
- बृहस्पतिवार को रेलवे ट्रैक पर मिला था खून से लथपथ शव
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
कटघर में बृहस्पतिवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास खून से लथपथ मिले मैकेनिकल इंजीनियर उपेंद्र सिंह की मौत के मामले में जीआरपी हत्या के एंगल से भी जांच करेगी। इसके लिए परिजनों से संपर्क साधा है। अंतिम संस्कार का कार्यक्रम होने के बाद परिजनों ने जल्द ही मुरादाबाद आकर पुलिस से संपर्क करने के लिए कहा है।
सुल्तानापुर के त्यौरो सरैया गांव निवासी उपेंद्र सिंह के साथ उसका दोस्त सत्यप्रकाश चौहान भी ट्रेन में सफर कर रहा था, उससे भी पुलिस की टीम घटना की जानकारी लेगी। उपेंद्र के पिता अनिल ने अंदेशा जताया है कि उनके बेटे को ट्रेन से धक्का दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर में चोट लगने के कारण उपेंद्र की मौत का खुलासा हुआ है। जीआरपी थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि जल्द ही उपेंद्र के परिजनों और उसके दोस्त से संपर्क कर घटना की पूरी जानकारी ली जाएगी। हत्या के एंगल से भी मामले की जांच की जाएगी, जिससे की घटना का सही खुलासा हो सके।
बता दें कि बृहस्पतिवार को सुल्तानपुर से गुड़गांव जा रहे उपेंद्र का शव रेलवे ट्रैक पर खून से लथपथ मिला था। उपेंद्र फैजाबाद एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर सुल्तानपुर से दिल्ली जा रहा था। जीआरपी पुलिस मामले की जांच कर रही है।