मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में शनिवार सुबह दो अलग अलग जगह दो मालगाड़ियां कपलिंग जुटने की वजह से दो हिस्सों में बंट गईं। गनीमत रहीं कि मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से नहीं उतरे। चालकों ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर इंजनों की रफ्तार कम की। इसके बाद दोबारा कपलिंग जोड़ने के बाद मालगाड़ियां रवाना की गईं। मंडल के पीतांबर में शनिवार सुबह सात बजकर 22 मिनट पर डाउन लांग हाल मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर इंजन की रफ्तार कम कर दी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल रूम में सूचना दी। जिससे हड़कंप मच गया। आनन फानन में टीम मौके पर पहुंची और दोबारा जोड़कर कर मालगाड़ी रवाना की गई। इसकी वजह से एक मालगाड़ी और एक एक्सप्रेस ट्रेन लेट हो गई। इसके अलावा मंडल के टोडरपुर में भी सुबह मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। जिसकी वजह से रेल संचालन बाधित हो गया। मालगाड़ी के डिब्बों को दोबारा जोड़ने के बाद मालगाड़ी रवाना की गई।
मालगाड़ी का इंजन खराब, दो घंटे रेल संचालन बाधित
मुरादाबाद। शाहजहांपुर से हरदोई की ओर जा रही मालगाड़ी का इंजन खराब हो गया। जिस कारण मालगाड़ी दो घंटे तक खड़ी रही। इ सकी वजह से तीन मालगाड़ी और पांच ट्रेनों को जहां तहां रोक दिया गया। दूसरा इंजन लगाकर दो घंटे बाद मालगाड़ी हटाई गई। इसके बाद रेल संचालन शुरू हो गया।