मैनाठेर थानाक्षेत्र में रहने वाली बीएड छात्रा को बदनाम करने के लिए उसका आपत्तिजनक फोटो फेसबुक पर वायरल करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय भेजा गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
एसपी देहात उदय शंकर सिंह ने बताया कि बीएड छात्रा के भाई ने बृहस्पतिवार को शिकायत की थी। उसने बताया था कि एक युवक ने उसकी बहन के आपत्तिजनक फोटो कंप्यूटर के जरिए तैयार किए हैं। उसके बाद इस फोटो को आरोपी ने अपनी फेसबुक आईडी पर भी अपलोड कर दिया। जिससे छात्रा को बदनाम किया जा सके। इस मामले में मैनाठेर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की। आरोपी उमेश निवासी मैनाठेर को एक सूचना पर रविवार को गांगन तिराहा से गिरफ्तार किया गया है। वायरल फोटो में युवती को एक युवक के साथ दिखाया गया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दूसरे युवक ने तो ये फोटो आरोपी से वायरल नहीं करवाई थी। पुलिस को जांच में पता चला कि फोटो में जो युवक दिख रहा है, उसका विवाद युवती के परिवार वालों से है। ऐसे में मुमकिन है कि रंजिश के तहत छात्रा का फोटो उमेश से वायरल कराया गया हो।
आरोपी की हरकत से छात्रा पढाई छोड़ घर में हुई कैद
मुरादाबाद। आपत्तिजनक फोटो फेसबुक पर वायरल होने के बाद छात्रा सदमे में थी। उसका रो- रोकर बुरा हाल हो गया था। उसके भाई ने बताया कि छात्रा पढ़ाई छोड़कर अब घर में कैद हो गई है, वह घर से बाहर निकलने में भी डर रही है। परिवार को डर लग रहा है कि सदमे में छात्रा कोई गलत कदम न उठा बैठे।