सोमवार सुबह नगर निगम की छापामार टीम बताकर पीतल बस्ती क्षेत्र में एक दुकान से पालिथीन जब्त की गई। दुकानदार केपालिथीन को सही बताने पर टीम ने उसको धमकी भी दी। जब्त पालिथीन छोड़ने के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की गई।
व्यापारी ने टीम को बताया कि दुकान पर उपलब्ध पालिथीन के कैरी बैग 50 माइक्रोन से ज्यादा केहैं और उन पर निर्माता कंपनी का नाम-पता व रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा हुआ है। इसके बावजूद टीम ने एक नहीं सुनी और जब्त करने के नाम पर पालिथीन को उठा लिया। व्यापारियों ने इसकी शिकायत दोपहर में मेयर से की। मेयर विनोद अग्रवाल ने पालिथीन बैग को मानकों के अनुसार पाकर टीम से पूछताछ की तो पता चला निगम की चारों में से किसी टीम ने छापामारी नहीं की है। इसके बाद संबंधित क्षेत्र के टीम प्रभारी राजवीर सिंह ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि छापामारी सुबह नौ बजे की गई है, जबकि निगम की टीम 12 बजे से निकलती हैं। उक्त दुकान पर छापामारी एक सफाई कर्मचारी ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। सफाई नायक विजय पाल ने इसकी जांच कर ली है। नगर आयुक्त अवनीश कुमार शर्मा ने आरोपी सफाई कर्मी पर कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।