मझोला के लाकड़ी फाजलपुर में पानी भरने को लेकर विवाद में नल के हत्थे से पीट पीटकर एक महिला की हत्या कर दी गई। विरोध पर महिला के पति को भी पीटकर अधमरा कर दिया, दंपती की मासूम बेटी भी सिर में नल का हत्था लगने से जख्मी हो गई। आरोप महिला के जेठ, देवर सहित तीन पर है। इस प्रकरण में पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
लाकड़ी फाजलपुर के दो मंजिला मकान में तीन भाई विपिन, राजीव और अशोक के साथ रहने वाले तेजपाल ने बताया कि वह एक फर्म में बतौर चेकर कार्यरत है। उसकी शादी पांच साल पहले मूंढापांडे के रौंडा गांव में रहने वाली मंजू उर्फ नीलू (25) से हुई थी। दंपती के दो बेटी बेबी और तपस्या उर्फ लवली है। चारो भाई मकान के सामने गली में लगे नल से ही पानी भरने का काम करते थे। उनके बीच अक्सर नल से पहले पानी भरने को लेकर विवाद भी होता था। रविवार शाम को तेजपाल फर्म से वापस घर आया और गिलास में पानी लेने के लिए नल के पास गया। नल से बडे़ भाई विपिन की बेटी उस वक्त पानी भर रही थी। जिसे तेजपाल ने हटा दिया और गिलास भरने के बाद पानी भरने के लिए कहा। जिससे नाराज होकर वह रोने लगी और परिजनों को जानकारी दी तो दोनों परिवारों के बीच विवाद हो गया। गाली गलौज और हाथापाई हुई। इस मामले की शिकायत पुलिस से तेजपाल ने की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि रात साढे़ 11 बजे तेजपाल, पत्नी और बच्चों के साथ बाइक पर खाना खाने के लिए निकला। उस वक्त विपिन ने नल के हत्थे से बाइक पर बैठे तेजपाल और उसके परिवार पर हमला कर दिया। नल का पहला हत्था तेजपाल की बेटी तपस्या को लगा, वह जख्मी हो गई। विरोध पर मंजू और तेजपाल को भी पीटकर घायल कर दिया। लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी भाग गया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। जहां पर सोमवार सुबह साढे़ आठ बजे महिला की मौत हो गई। महिला के पिता ने मझोला थाने में गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। विपिन, राजीव, अशोक को नामजद किया गया है। एसपी सिटी अंकित मित्तल ने बताया कि मुख्य आरोपी विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है, उसकी निशानदेही पर नल का हत्था भी बरामद कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।