फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहादुरी जनता की, वाहवाही लूट रही पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। चोरी, लूट और छेड़खानी की वारदातों में आरोपियों की गिरफ्तारी करने में पुलिस फेल हुई तो जनता ने ही आरोपियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी जान जोखिम में डालकर आरोपियों से भिड़कर उनको न केवल पकड़ा, बल्कि पुलिस के सुपुर्द किया है। ऐसे मामलों में पुलिस खुद अपनी पीठ थपथपा रही है। पुलिस रिकॉर्ड में आरोपियों को दबोचने में जनता का कहीं जिक्र ही नहीं है। इस तरह के मामले मुरादाबाद में लगातार बढ़ रहे हैं।
विज्ञापन


मामला एक: बाइक सवारों ने पकडे़ थे छेड़खानी के आरोपी
मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में शनिवार को आटो सवार महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ छेड़खानी की गई। विरोध करने पर आटो चालक और उसके साथियों ने महिला के जेवर लूट लिए गए। आबरू बचाने के लिए महिला ने आटो से छलांग लगा दी। उसके शोर मचाने पर बाइक सवार युवकों ने आटो का पीछा कर राहगीरों की मदद से दो आरोपियों को दबोच लिया। आरोपी मुजफ्फर और फुरकान निवासी इस्लामनगर थाना कटघर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को दरोगा ललित ने रात करीब एक बजे राजेड़ा नदी पुल के पास आटो के साथ गिरफ्तार किया है।

मामला दो: बच्चों की बहादुरी, दरोगा जी बन गए हीरो
मुरादाबाद। सिविल लाइन थानाक्षेत्र में साइकिल चोरी की लगातार वारदात हो रही हैं। एक माह के भीतर 20 से अधिक साइकिल चोरी हुई हैं। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए, लेकिन पुलिस गिरफ्तार करने में पूरी तरह से नाकाम रही। साइकिल चोरी की घटनाओं से बच्चे खुद ही अलर्ट होकर अपनी साइकिलों की निगरानी करने लगे। विगत दिनों चक्कर की मिलक निवासी आमिर जब साइकिल चोरी करने पहुंचा तो बच्चों ने उसे दौड़ाकर कालोनी के लोगों की मदद से दबोच लिया और पुलिस को सौंपा। लेकिन, दरोगा रामचंद्र ने आमिर को रामगंगा विहार निवासी प्रणव की साइकिल चोरी के आरोप में शनिवार को चक्कर की मिलक से खुद के गिरफ्तार करना दिखाया।
विज्ञापन


मामला तीन: खेल करने में मझोला पुलिस भी पीछे नहीं
मुरादाबाद। मझोला के कांशीराम नगर में शनिवार को कांशीराम नगर निवासी मेहराज से पर्स लूटा गया। मेहराज ने ही राहगीरों की मदद से एक आरोपी मनीष निवासी शंकर नगर लाइनपार को पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से भाग गया था। एसएचओ मझोला विकास सक्सेना ने बताया कि मेहराज ने मुकदमा दर्ज कराया है। दरोगा अजीत सिंह का कहना है कि मनीष और उसके साथी विशाल निवासी कृष्णापुरी को उन्हाेंने गिरफ्तार किया है।

प्रशस्ति पत्र पर हक तो असली बहादुरों का
मुरादाबाद। आरोपियों की गिरफ्तारी में अच्छा प्रदर्शन करने पर डीआईजी जे रविंदर गौड पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देते हैं। इसी वजह से जनता की बहादुरी को छिपाकर पुलिस खुद वाहवाही लूटने की कोशिश कर रही है। जबकि इन मामलों में प्रशस्ति पत्र पर असली हक पुलिसकर्मियों का नहीं बल्कि उन बहादुरों का है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें