जयंतीपुर स्थित नेता कालोनी में एक विवाहिता की बृहस्पतिवार को ससुराल में मौत हो गई। भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पिटाई के बाद उसकी हत्या की गई है। महिला के पति, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट मझोला थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्यारोपी अभी गिरफ्त से दूर हैं।
बरेली के आंवला में रहने वाले धर्मेंद्र सिंह ने बताया की उनकी बहन रश्मि (20) की शादी डेढ़ साल पहले महेश निवासी सहसपुर के साथ की थी। वह वर्तमान में मझोला क्षेत्र स्थित नेता कालोनी में जेठ मुनेश के मकान में रह रही थी। रश्मि का पति रुद्रपुर स्थित फर्म में नौकरी करता है। आरोप है कि आए दिन रश्मि को उसका ससुर मुकुट सिंह, पति महेश, जेठ मुनेश, जेठानी शानू दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। कई बार घर से भी निकाल दिया था। आए दिन पिटाई करते थे और दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग करते थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति, जेठ, जेठानी और ससुर ने रश्मि की गला घोटकर हत्या कर दी गई है। एसएचओ मझोला विकास सक्सेना ने बताया कि रश्मि का पति बुधवार को रुद्रपुर से आया था। सुबह से वह लापता है। उसका मोबाइल भी बंद है। एसएचओ मझोला विकास सक्सेना को मकान में रहने वाले किराएदार लोकेश ने बताया कि सुबह उसने काफी देर तक जब रश्मि को कमरे से बाहर निकलते हुए नहीं देखा तो दरवाजा खटखटाया। अंदर से जवाब नहीं मिला तो दरवाजे को धक्का मारा, जिससे वह खुल गया। अंदर चुन्नी से बने फंदे पर रश्मि का शव लटका था। इसकी सूचना उसने रश्मि के परिवार वालों को दी। एसएचओ ने बताया कि रश्मि के पीठ पर चोट के निशान मिले हैं, ऐसा लग रहा है कि उसकी बेल्ट से पिटाई की गई है। मामला हत्या का हो सकता है, जिसके बाद उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही रश्मि की मौत की सही वजह का पता चलेगा। कमरे से सुसाइड नोट नहीं मिला है।