उत्तराखंड के जसपुर थाने के तीन दरोगा और कई सिपाहियों के खिलाफ सीजेएम की अदालत में मुकदमा दर्ज किया गया है। कांग्रेस पार्षद शिव राज सिंह गुर्जर ने पुलिस पर उत्पीड़न और एनकाउंटर करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में बीस दिसंबर को सुनवाई होगी।
आदर्श कालोनी निवासी कांग्रेस पार्षद शिवराज सिंह गुर्जर ने अपने अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता के जरिये सीजेएम कोर्ट में जसपुर थाने की पुलिस के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जिसमें बताया गया है कि जसपुर थाने के दरोगा अब्दुल कलाम, जावेद और देवेंद्र सिंह राजपूत समेत कई सिपाही मुरादाबाद पहुंचे थे। पुलिस को जसपुर में डिग्गी तोड़कर रुपये चोरी करने वाले आरोपी अरुण की तलाश थी। यहां पुलिस ने अरुण से पूछताछ की तो उसने घटना से इंकार कर दिया था। शिवराज गुर्जर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अरुण से केस खत्म करने के लिए 65 हजार रुपये डिग्गी वाले और पचास हजार रुपये अलग से मांगे। इसके बाद उससे एक लाख दस हजार रुपये ले लिए थे। ग्यारह नवंबर को पुलिस दोबारा आई। इस मामले में पार्षद से गवाही मांगी, लेकिन उन्होंने गवाही देने से इंकार कर दिया। तब पुलिस वालों ने पार्षद के बदतमीजी की और एनकाउंटर करने की धमकी दी। अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि इस मामले में बीस दिसंबर को सुनवाई होगी।