भोजपुर (मुरादाबाद)।
दहेज की मांग पूरी न होेने पर भोजपुर थानाक्षेत्र में रहने वाली एक युवती को जलाकर मार दिए जाने का आरोप ससुराल वालों पर है। मायके वालों ने युवती के ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डिलारी के गक्खरपुर निवासी होरी सिंह ने बताया कि आठ माह पहले ही उन्होंने बेटी पिंकी (21) की शादी भोजपुर के हिमायूंपुर में रहने वाले रोहित से की थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में पिंकी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। एक माह पहले 50 हजार रुपये पिंकी के ससुराल वालों को दिए गए थे। अब ढाई लाख रुपये की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों पर पिंकी को जलाकर मार डालने का आरोप है। इस मामले में पिंकी के पति रोहित, देवर ओमवीर, विकास व बब्लू, जीतू, सिखा कुमारी , सास राजो व ससुर गुरुदयाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ ठाकुरद्वारा विशाल यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।