मंडल आयुक्त कार्यालय के पास गुरुवार दिन दहाड़े नशेड़ी युवक ने शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी का पर्स झपट लिया। उसमें एक हजार रुपये की नगदी थी। सेवानिवृत्त अधिकारी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने नशेड़ी को दबोच लिया। उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के सौंप दिया।
शिक्षा विभाग में एबीएसए पद से सेवानिवृत्त एमपी त्यागी गुरुवार दोपहर कचहरी रोड से पैदल जैन मंदिर तिराहा की तरफ जा रहे थे। त्यागी मानसरोवर कालोनी में रहते हैं। कचहरी में एक वकील से मिलने गए थे और उसी रोड स्थित सिंडिकेट बैंक के एटीएम से एक हजार रुपये निकाले थे। वहीं से उनके पीछे एक नशेड़ी लग गया। एमपी त्यागी के मंडल आयुक्त कार्यालय के पास पहुंचने पर नशेड़ी ने उसके हाथ से बैग झपट लिया। एमपी त्यागी ने नशेड़ी का पीछा कर शोर मचा दिया। इससे आसपास जाने एवं जाने वालों ने भाग रहे नशेड़ी को दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई करने के बाद सिविल लाइन पुलिस को बुलवा लिया। पुलिस के मुताबिक नशेड़ी का नाम अजीम है और वह जिगर कालोनी का रहने वाला है।