मुरादाबाद। कांग्रेस नेता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता का आरोप है कि आरएसडी कालेज में फर्जी वोटिंग का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने मारपीट करने वाले कथित भाजपाइयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता से मारपीट का पता चलने पर कांग्रेस प्रत्याशी इमरान प्रतापगढ़ी समर्थकों के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। कांग्रेसियों ने थाने का घेराव किया।
आनंद मोहन गुप्ता कांग्रेस प्रत्याशी इमरान प्रतापगढ़ी के चीफ एजेंट थे। उनका आरोप है कि मंगलवार शाम साढे़ पांच बजे आरएसडी में फर्जी मतदान की सूचना पर वह वहां पहुंचे थेे। आरोप है कि बूथ पर कई लोग बिना आईडी फर्जी वोट डालने के लिए पीठासीन अधिकारी पर दबाव डाल रहे थे। उन्होंने विरोध किया तो झगड़े पर उतारू हो गए। जिसमें उनके कपड़े भी फट गए। आरोपी खुद को भाजपा कार्यकर्ता बता रहे थे। एसपी सिटी अंकित मित्तल ने बताया कि तहरीर पर एनसीआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा का कहना है कि पुलिस सूचना के एक घंटे बाद मौके पर पहुंची।