मुरादाबाद। आहूजा ग्रुप के एमडी मनोज कुमार आहूजा की हत्या की साजिश रचने के मुख्य आरोपी हरिओम अग्रवाल की तलाश में पुलिस ने उनके घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी है। लेकिन पुलिस का कहना है कि हरिओम अभी तक पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। एसएचओ सिविल लाइन का कहना है कि आरोपी घर पर नहीं मिला है। गिरफ्तारी के लिए आरोपी के अन्य संभावित ठिकानों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हरिओम अग्रवाल को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि आहूजा सुपारी प्रकरण के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जाल बिछाया है। उसकी तलाश में मुखबिर तंत्र की भी मदद ली जा रही है। इसके अलावा हरिओम अग्रवाल के रिश्तेदारों और करीबियों पर भी पुलिस की नजर है। ताकि हरिओम अग्रवाल को पनाह देने वाले व्यक्ति का पता चल सके। एसएचओ ने बताया कि अब तक दो बार हरिओम के घर दबिश दी जा चुकी है, लेकिन दोनों बार पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस का कहना है कि आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। एक करोड़ रुपयेे की सुपारी लेकर आहूजा ग्रुप के एमडी मनोज कुमार आहूजा की हत्या की साजिश रचने के आरोप में तीन आरोपियों को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इनमें वन विभाग का सेवानिवृत्त दरोगा उमेश भट्ठ, नगर निगम का ठेकेदार केशव शर्मा उर्फ राहुल और डिश केबल का पूर्व कारोबारी शरद रस्तोगी शामिल है। तीनों का चालान कर उनको न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। तीनों की जमानत अर्जी न्यायालय से खारिज हो चुकी है। जबकि मुख्य आरोपी हरिओम अग्रवाल को उस समय पुलिस ने पूछताछ के बाद मुचलका भरवाकर छोड़ दिया था।