कांठ (मुरादाबाद)।
नील गाय को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर एक कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। कार में सवार महिला चिकित्सक की मौत हो गई। जबकि चालक गंभीर रूप से जख्मी है। उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। चिकित्सक विभागीय ट्रेनिंग में भाग लेने के लिए मुरादाबाद जा रहीं थीं।
बृहस्पतिवार को मुरादाबाद हाईवे पर छजलैट के कूरी रवाना गांव के स्टैंड के पास नील गाय को बचाने के चक्कर में मुरादाबाद की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शीशम के पेड़ से टकरा गई। कार में सवार बिजनौर के नहटोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत महिला चिकित्सक डॉ सारिका (32) निवासी साहनपुर नवादा थाना नहटोर और कार चालक नीटू जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को उपचार के लिए मुरादाबाद ले गई। चिकित्सकों ने महिला चिकित्सक को मृत घोषित कर दिया। जबकि चालक नीटू को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। महिला चिकित्सक विभागीय ट्रेनिंग के लिए कार से मुरादाबाद जा रही थीं। पता लगने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजन थाना छजलैट और अस्पताल पहुंचे। मृतका के पति डॉ अंकुश कुमार भी चिकित्सक हैं। वह नहटोर के सदरूद्दीन नगर में क्लीनिक चलाते हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कार की रफ्तार भी थी अत्यधिक तेज
कांठ। छजलैट के रवाना स्टैंड के पास हुई सड़क दुघर्टना में कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टकराने के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुघर्टना में मरी डॉ सारिका सिंह कार में पिछली सीट पर बैठी थीं। तेज झटके के साथ वह अगली सीट से टकराई। जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी।