आतंकियों से टेलीग्राम और थ्रीमा पर बात करता था सुहैल
अमरोहा। एनआईए और एटीएस के हत्थे चढ़ा संदिग्ध आतंकी मुफ्ती सुहैल यूट्यूब पर अपनी आईडी बनाकर सक्रिय था। टेलीग्राम और थ्रीमा पर आतंकी आकाओं से बात करता था। सुहैल सोशल मीडिया पर इस्लामिक ग्रुपों में जुड़ा था। ग्रुप में शेयर होने वाले जिहादी अल्फाजों के गंभीरता से जवाब देता था। लंबे समय तक सोशल मीडिया पर आतंकी आकाओं से संपर्क में रहा और कुछ ही दिनों में सुहैल को यूपी का आमिर (सरगना) बना दिया गया। आतंकी आकाओं के निर्देश पर सुहैल को यूपी में आतंकी संगठन खड़ा कर रहा था।
बुधवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआई) और यूपी एटीएस ने आतंकी संगठन आईएसआईएस के मॉड्यूल हरकत-उल-हर्ब-ए-इस्लाम का पर्दाफाश किया था, जिसमें मॉड्यूल का मास्टर माइंड मुफ्ती सुहैल सहित चार आतंकियों को पकड़ा था। खुफिया सूत्रों की माने में तो पूछताछ के दौरान सुहैल ने एनआईए को कई अहम सुराग दिए हैं। यह भी स्पष्ट कर दिया कि सुहैल यूट्यूब पर आईडी बनाकर सक्रिय था। सुहैल सोशल मीडिया पर कई इस्लामिक ग्रुपों में जुड़ा था, जिसमें जिहादी अल्फाजों को तवज्जो दी जाती थी। जिसका सुहैल भी गंभीरता से जवाब देता था। धीरे-धीरे वह आईएसआईएस के आकाओं के संपर्क में आ गया था। यही नहीं टेलीग्राम और थ्रीमा एप के जरिए ऑनलाइन बातें करता था। सुहैल की सक्रियता को देखते हुए आईएस ने उसे यूपी आमिर बना दिया था। इसके बाद सुहैल यूपी में अपना नेटवर्क खड़ा करने में जुट गया। आईएस के आतंकी सुहैल को ऑनलाइन बम की ट्रेनिंग दे रहे थे, जिसमें सुहैल कामयाब भी हो गया था, लेकिन किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने से पहले की मॉड्यूल का पर्दाफाश हो गया।