मुरादाबाद। आचार संहिता लागू होने के बाद की जा रही चेकिंग के दौरान शुक्रवार को गांगन तिराहे पर एक कार से स्टेटिक टीम ने तीन लाख से ज्यादा की रकम बरामद की है। इसके अलावा दूसरी कार से चार लाख रुपये बरामद किए गए हैं। इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रकम एक फाइनेंस कंपनी की थी और उसे बैंक में जमा कराने ले जाया जा रहा था। दूसरी कार से बरामद रकम रेलवे की थी।
एसएचओ मझोला विकास सक्सेना ने बताया कि स्टेटिक टीम शुक्रवार को गांगन तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान ही वहां पर एक टवेरा कार आती दिखी, कार को चेकिंग के लिए रोका गया। कार में चेकिंग करने पर उसमें तीन लाख पांच हजार सात सौ उनचास रुपये मिले। इस रकम के बार में हिसाब मांगा गया तो पता चला कि रकम फाइनेंस कंपनी की है, जिसे बैंक में जमा कराने ले जा रहे थे। दस्तावेज चेक करने के बाद रकम को वापस कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई है। इसके अलावा सियाज कार को चेकिंग के लिए गांगन तिराहे के पास रोका गया तो उसमें चार लाख 16 हजार रुपये बरामद हुए। जांच में पता चला कि रकम रेलवे की है, जिसे रेलवे में कार्यरत एक इंजीनियर दिल्ली से लेकर मुरादाबाद आ रहा था।