धूमनगंज गैंगरेप में ताबड़तोड़ दबिश, आरोपियों के घर वालों से पूछताछ
दोनों लड़कियों का मेडिकल हुआ, एसएसपी भी पहुंचे अस्पताल
प्रयागराज। धूमनगंज के बम्हरौली में दो दलित लड़कियों के साथ गैंगरेप में पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उनकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। उनके घर वालों को उठाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को दोनों लड़कियों का मेडिकल हुआ। एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। इस मामले में दो दिन रिपोर्ट न दर्ज करने पर धूमनगंज पुलिस के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। डीजीपी को पत्र भेजकर शिकायत की गई है।
धूमनगंज के बम्हरौली इलाके में 26 मार्च को दो लड़कियों के साथ गैंगरेप किया गया था। घर वालों को पता चलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। 28 मार्च को लड़कियों के परिजन स्वास्थ्य मंत्री के घर पहुंच गए। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। इरफान के साथ चार और युवकों के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर उनकी तलाश शुरू हुई। इरफान घर में नहीं था। उसका मोबाइल भी बंद है। पुलिस ने उसे परिजनों को पकड़ा है। उनसे इरफान के ठिकानों के बारे में पूछा जा रहा है। इसके अलावा उसका मोबाइल कॉल डीटेल्स भी निकलवाया गया है। उसके आधार पर भी छानबीन हो रही है। शुक्रवार को दोनों लड़कियों का डफरिन हास्पिटल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। शहर में गैंगरेप की घटना की सूचना के बाद एसएसपी ने इंस्पेक्टर से पूछताछ की और डफरिन अस्पताल पहुंचे। इंस्पेक्टर संदीप मिश्रा के मुताबिक एक लड़की की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पूरी रिपोर्ट शनिवार तक आ जाएगी। इसके बाद मामला और साफ हो जाएगा। फोरेसिंक टीम भी आज मौके पर गई थी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में इरफान के घर वालों के साथ और भी लोगों से पूछताछ की जा रही है। दोनों लड़कियों के भी मोबाइल काल डीटेल्स देखे जा रहे हैं।
दो लड़कियों से गैंगरेप के मामले में स्थानीय लोगों में उबाल है। उनका कहना है कि पुलिस दो दिन तक मामले को छुपाए रही। लड़कियों के परिजनों की ओर से डीजीपी को शिकायत भेजी गई है।