मझोला थानाक्षेत्र के बुद्धि विहार आवास विकास कालोनी में मां के डांटने पर नौवीं की छात्रा ने जहर खाकर जान दे दी। छात्रा द्वारा उठाए गए आत्मघाती कदम से उसके परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के लक्षण बताए गए हैं।
बुद्धि विहार आवास विकास कालोनी में राम सरन का परिवार रहता है। राम सरन और उनका बेटा दीपक दिल्ली रोड पर चाय की दुकान चलाते हैं। जबकि राम सरन की पत्नी रामवती पीतल फर्म में नौकरी करती है। जबकि छोटी बेटी पूनम नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। शनिवार को रामसरन और दीपक दुकान पर चले गए थे, जबकि पत्नी फैक्ट्री चली गई थी। परिजनों ने बताया कि पूनम भी स्कूल चली गई थी। स्कूल से आने के बाद छात्रा घर में उल्टियां करने लगीं। आस पड़ोस के लोगों ने छात्रा को उल्टियां करते देखा तो परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। परिजन घर पहुंचे और छात्रा को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने जहर खाने की जानकारी दी तो मां बाप के होश उड़ गए। हालत गंभीर होने पर छात्रा को रेफर कर दिया गया। टीएमयू अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मझोला इंस्पेक्टर विकास सक्सेना ने बताया कि छात्रा को किसी बात पर उसकी मां ने डांट दिया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर छात्रा ने जहर खाकर जान दे दी।