मूंढापांडे थानाक्षेत्र में भदासना हवाई पट्टी के पीछे जंगल में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। इस घटना में हिस्ट्रीशीटर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरे बदमाश की तलाश में देर रात तक पुलिस जुटी रही।
इंस्पेक्टर अजय कुमार गौतम ने बताया कि मूंढापांडे क्षेत्र में 25 अक्तूबर 2018 को पीतल बस्ती निवासी सराफ राजेश रस्तोगी से लूटपाट हुई थी। बदमाशों ने उनसे जेवर और नकदी लूटी थी। इस घटना में बिलारी के हर्रा गांव निवासी सतपाल और उसके साथी रामपाल निवासी मंगूपुरा थाना बिलारी का नाम सामने आया था। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। रविवार रात सूचना मिली कि दोनों बदमाश भदासना हवाई पट्ठी की ओर से बाइक से गए हैं। सूचना मिलने पर मूंढापांडे इंस्पेक्टर ने टीम के साथ क्षेत्र की घेराबंदी की। इसी बीच बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें पुलिस कर्मी बाल बाल बच गए। बचाव में पुलिस ने फायरिंग की। जिसमें एक गोली सतपाल के पैर में लगी। जिसमें वह घायल हो गया, जबकि रामपाल मौके से भाग गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी बदमाश के कब्जे से बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों केखिलाफ थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।