विकास हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही उजागर होने के बाद मंगलवार को वारदात का सच जानने के लिए एसएसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल की प्रधानाचार्य, आसपास के दुकानदारों से जानकारी की। उन्हें बताया गया कि पहले भी स्कूल में जुआरियों के पहुंचने, शराब पिए जाने की शिकायत नागफनी पुलिस से की गई लेकिन उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई थी।
मंगलवार को विकास के माता, पिता ने पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने की शिकायत भी एसएसपी कार्यालय पहुंचकर की थी। उन्होंने बताया कि विकास के हत्यारों को पुलिस ने अब तक नहीं पकड़ा है, जबकि उनमें से एक को वह लोग पकड़कर पुलिस के सुपुर्द पहले ही कर चुके थे। पुलिस ने उस वक्त आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की थी। जबकि दो बार पुलिस को तहरीर दे दी थी। 13 नवंबर से 18 नवंबर तक करीब 20 बार वह नागफनी थाने के चक्कर लगा चुके थे। एसएसपी ने पुलिस की लापरवाही की जांच कराकर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसएचओ नागफनी नरेश कुमार को पुलिस की टीम बनाकर जल्द ही इस मामले में खुलासे के लिए निर्देश दिए है। ऐसा न होेन पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को उठाया
मुरादाबाद। विकास हत्याकांड में एसएसपी की सख्ती के बाद पुलिस हरकत में आई है। विकास की कॉल डिटेल के आधार पर तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। ये विकास के दोस्त बताए जा रहे हैं। 13 नवंबर को विकास के मोबाइल पर तीन फोन आए थे, जिनमें से एक कॉल उसके पिता ने की थी और दो कॉल उसके दोस्तों ने की थी। उसका मोबाइल सुबह साढे़ 11 बजे बंद हो गया था। पुलिस ने बताया कि विकास इंटनरेट कॉलिंग के जरिए भी दोस्तों से बात करता था। उस संबंध में भी जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। हत्या के नामजद आरोपी दीपक और अनिकेत अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
नशे के विवाद में हत्या का भी अंदेशा
मुरादाबाद। परिवार वालों ने एक तरफ इसे पटाखा जलाने के मामले पर शुरू हुए विवाद को लेकर हत्या का मामला बताया है तो पुलिस इसे नशे के विवाद से भी जोड़कर देख रही है। स्कूल के जिस क्लासरूम में विकास का शव मिला था, वहां पर शराब की बोतल भी मिली थी। ऐसे में पुलिस की जांच इस बिंदु को लेकर भी हो रही है कि कहीं शराब पीने के दौरान तो वारदात नहीं की गई। परिवार वालों ने बताया कि विकास नशे का सेवन नहीं करता है। उसे बहाने से बुलाकर ले जाया गया था। फिलहाल हत्या की सही वजह का पता किया जा रहा है।
‘ सोमवार को शहर में नहीं था। इस वजह से मंगलवार को घटनास्थल पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल की प्रधानाचार्य सहित अन्य लोगों से जानकारी की गई। नागफनी पुलिस की लापरवाही की जांच करवाकर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। वारदात का खुलासा जल्द ही किया जाएगा।’
जे रविन्दर गौड, एसएसपी