मुरादाबाद। भगतपुर में होली के मौके पर बवाल और कुंदरकी थानाक्षेत्र में गोकशी के मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसएसपी ने जांच बैठा दी है। संबंधित सर्किल के सीओ से जल्द ही दोनों मामलों में जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा गया है। जिसके बाद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, जिस तरह से होली के पर्व भगतपुर में जुलूस के दौरान दो समुदाय के बीच झगड़ा होने पर बवाल हुआ। इस मामले में पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि जुलूस निकलने वाले रास्ते पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस की होती है, अगर वहां पर किसी प्रकार के हंगामे या बवाल की संभावना होती है तो इस संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया जाना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं किया गया। दूसरी तरफ, कुंदरकी में गोकशी के मामले में भी एसएसपी ने जांच बैठा दी है। गोकशी को कुंदरकी और बिलारी थानाक्षेत्र के बार्डर पर अंजाम दिया जा रहा था, ग्रामीणों की सतर्कता की वजह से इसका भंडाफोड़ हुआ जबकि दोनों थानाक्षेत्र की पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी थी। एसएसपी जे रविंदर गौड ने बताया कि दोनों ही मामलों में सीओ की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा गोकशी के मामले में वांछित आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं, आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी होगी।