फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गैस कैप्सूल से टकराने के बाद बस में लगी आग

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बस ने रविवार रात ढाई बजे मूंढापांडे में टोल प्लाजा के पास इंडेन की एलपीजी गैस से भरे कैप्सूल टैंकर में टक्कर मार दी। गैस का रिसाव होने से बस में आग लग लग गई। आग की चपेट में आकर बस में आगे बैठे छह यात्री झुलस गए तो 12 अन्य जख्मी हो गए। टैंकर में ब्लास्ट होेने के डर से लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार घंटे तक वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। जख्मी यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर सोमवार सुबह तक काबू पाया जा सका।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली से गोरखपुर जा रही रोडवेज बस में हादसे के वक्त करीब 40 सवारियां मौजूद थी। सीएफओ मुकेश कुमार ने बताया कि रात ढाई बजे हादसे की सूचना मिली थी। आग भयावह थी, कई किलोमीटर दूर से ही उसकी लपटें दिखाई दे रही थी। जनपद की सभी यूनिटों से दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल पर बुलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। इंडेन एलपीजी गैस के पदाधिकारियों को हादसे की सूचना दी गई, लेकिन मौके पर कोई भी नहीं आया। आग की वजह से सुरक्षा के लिहाज से हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों को आवागमन बंद करवा दिया गया था। जाम में फंसने के कारण लखनऊ से लेकर दिल्ली तक की ओर सफर कर रहे सैकड़ों लोगों को परेशानी हुई। सीएफओ ने बताया कि रोडवेज बस की टक्कर से गैस कैप्सूल टैंकर में एक छेद हो गया था, जिसमें से लगातार गैस का रिसाव हो रहा था। इस वजह से आग को काबू करने में दिक्कत हो रही थी। दमकल की टीम ने जान की परवाह न करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके बाद सीएफओ मुकेश कुमार और दमकल की टीम ने गीली लकड़ी को मेहनत कर उसे छेद में डाल दिया, जिसमें से गैस का रिसाव हो रहा था। इसके बाद टैंकर को सड़क किनारे लगाया गया और उस पर लगातार पानी की बौछार की गई, जिससे की दोबारा आग न फैल सके। सुबह साढे़ छह बजे लखनऊ दिल्ली राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया गया, जिसके बाद जाम में फंसे वाहन चालकों को राहत मिली।

बस में सवार ये यात्री हुए जख्मी
मुरादाबाद। बागपत निवासी आबिद हसन, मोनू निवासी मुजफ्फरनगर, शादाब अहमद निवासी दिल्ली, राधेश्याम, किरन, शिवानी निवासी गोंडा, फहीम निवासी लखीमपुर खीरी, विकास, अमन, अमरजीत निवासी लखनऊ रामरूप निवासी शाहजहांपुर, जावेद, शाहिद निवासी फैजाबाद। इनमें से विकास, अमर, अमरजीत और अरुण आग की चपेट में आने के कारण झुलसे हैं, अन्य लोग चोट लगने के कारण जख्मी हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर है, उनको डॉक्टर ने उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल जाने को कहा है।
विज्ञापन


टक्कर लगते ही सवारियां गिरीं बस से बाहर, मची भगदड़
मुरादाबाद। बस में सवार अमरजीत ने बताया कि वह भी बस में आगे की सीट पर बैठे थे। चालक गलत तरीके से बस चला रहा था, तेज रफ्तार में बस चलाने से उसे रोका भी गया था लेकिन वह नहीं माना। जब बस मूंढ़ापांडे में पहुंची तो तेज रफ्तार होने के कारण चालक बस पर काबू नहीं कर सका, बस जाकर टैंकर से भिड़ गई। बस के आगे के शीशे टूट गए, कई सवारियां इस वजह से बस के नीचे जा गिरी और जख्मी हो गई। जो आगे बैठे थे, वह गैस से लगी आग की चपेट में आकर झुलसे हैं।
हादसे के बाद वहां पर आग लगी होेने के कारण वहां भगदड़ मच गई। यात्री अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे, इस दौरान वहां पर पुलिस आ गई और जो लोग जख्मी होने के कारण खुद अस्पताल जाने की हालत में नहीं थे, उनको पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस बुलवाकर अस्पताल भिजवाया। अमरजीत ने बताया कि हादसे में बस चालक भी जख्मी हुआ है। इस मामले में उन्होंने आरोपी पर कार्रवाई की मांग भी की है। बस में सवार राधेश्याम ने बताया कि वह पत्नी और बेटी के साथ बस में सफर कर रहे थे, बस में आगे की तरफ बैठे थे, हादसा होते ही गैस के कारण आग लगी तो वह चपेट में आ गए, जिसकी वजह से बुरी तरह झुलस गए हैं।


प्रशासनिक अधिकारियों को कराया अवगत : सीएफओ
मुरादाबाद। सीएफओ मुकेश कुमार ने बताया कि आग लगने पर इंडेन गैस के पदाधिकारियों को सूचना दी गई और उनको मौके पर आने के लिए कहा गया लेकिन वहां पर कोई भी नहीं आया। इस हादसे की वजह से हाईवे पर सफर कर रहे सैकड़ों लोगों की जान पर बन आई थी, इसके बाद भी लापरवाही बरती गई है। इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है, जिससे की लापरवाही पर एक्शन हो सके।

‘ दमकल की टीम ने और पुलिस ने मशक्कत कर हादसे के बाद आग को फैलने से रोका। जख्मी यात्रियों का उपचार कराया गया है, इस मामले में बस यात्रियों की तरफ से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बस और टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है।’
विज्ञापन

अंकित मित्तल, एसपी सिटी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें