मुगलपुरा में जामा मस्जिद पुल पर मंगलवार रात दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। सड़क हादसे में पांचवीं के छात्र की मौत हो गई। छात्र का दोस्त सहित दो लोग जख्मी हैं। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुगलपुरा के बरबलान स्थित चामुंडा वाली गली में पीतल कारीगर सुल्तान का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी शबा और तीन बच्चे हैं, जिनमें इकलौता बेटा फरमान (13) पांचवीं कक्षा का छात्र था। वह मंगलवार को मोहल्ले में रहने वाले अपने दोस्त उवैद (16) के साथ बाइक से जामा मस्जिद पुल की ओर घूमने गया था। बाइक तेज रफ्तार में थी। इस दौरान ही उनकी बाइक की एक अन्य बाइक से टक्कर हो गई। फरमान और उवैद जख्मी हो गए। दोनों बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फरमान और उवैद को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टर ने फरमान को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर परिवार वाले भी अस्पताल पहुंचे। इकलौते बेटे फरमान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। एसएचओ मुगलपुरा गजेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा जामा मस्जिद पुल पर हुआ है। दूसरी बाइक पर सवार युवक मोहम्मद अजहर निवासी असालतपुरा था, जो कि निजी अस्पताल में भर्ती है। देर रात तक हादसे के संबंध में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।