गुन्नौर। तहसील के हल्का लेखपाल ने एक जीवित व्यक्ति को अभिलेखों में मृत दर्शाकर कर उसकी विरासत गांव के ही दूसरे व्यक्ति के नाम पर दर्ज कर दी। पीड़ित ने स्वयं को जिंदा साबित करने के लिए न्यायालय में गुहार लगाई है।
तहसील गुन्नौर के गांव पतरिया के नन्हू ने उप जिलाधिकारी गुन्नौर को शिकायती पत्र देकर कहा है कि वह जिंदा है, लेकिन उसकी गांव में ही भूमि गाटा संख्या-559, रकबा 0.158 हेक्टेयर व 600 रकबा 0.302 हेक्टेयर का मालिक है, जो कि उसकी पैतृक संपत्ति है। इसमें उसका आधा हिस्सा है। उस भूमि को उसके सगे ने खरीद ली है जिसका दाखिल खारिज भी हो गया, लेकिन खतौनी में दर्ज नहीं हुआ।
उसके बाद दूसरा बैनामा उसके सगे भाई गंगाराम ने गांव की राम बेटी के हक में विक्रय कर दिया जिसका नाम भी दर्ज कागजों पर चला आ रहा है। इसी बीच पीड़ित नन्हू को हल्का लेखपाल ने मृतक दर्शाकर उसके स्थान पर टीका राम, राम स्वरूप, राम प्रकाश व देवकी निवासी नंदपुर का नाम बतौर विरासत दर्ज कर दिया।
अब नन्हू खुद को जीवित साबित करने के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है। एसडीएम गुन्नौर ने बताया कि लेखपाल की शिकायत की गई थी, उसी लेखपाल ने तहसीलदार को गुमराह करते हुए गलत रिपोर्ट दे दी। मामले की जांच की जा रही है।