टांडा। सोमवार देर शाम जुआरियों से वसूली करने आए युवक को लोगों ने पकड़ लिया। लोगों के घेरे जाने पर दबंग ने फायरिंग भी की जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आरोपी को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी का आर्म्स एक्ट में चालान कर दिया है।
बताते हैं कि नगर से सटे ग्राम बादली निवासी तीन चार-युवक नगर के ईदगाह मैदान के पास जुआ खेल रहे जुआरियों से तमंचे के बल पर पैसे वसूल कर ले गए थे। एक बार पैसा वसूल करने के बाद आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और आरोपी सोमवार शाम को फिर से पैसा वसूल करने के लिए मौके पर पहुंच गए। फिर से पैसा वसूली करने आए दबंगों को घेर कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से गुस्साए युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इसके बाद भीड़ ने किसी तरह युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी बादली निवासी युवक अरविंंद का आर्म्स एक्ट में चालान कर दिया।