धनारी/चंदौसी। धनारी थाना क्षेत्र के वहीपुर गांव में महिला ने पति से तकरार के बाद अपने घर में टीनशेड में कुंडे पर लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि मायके वालों ने ससुरालियों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना धनारी क्षेत्र के वहीपुर गांव निवासी वीरेश यादव व उसके परिजन रविवार की सुबह छह बजे खेतों पर चले गए। घर में वीरेश यादव की पत्नी सावित्री रह गई। वह भी करीब नौ बजे खाना लेकर खेत पर पहुंची। सभी परिजनों ने खाना खाया लेकिन वहां पर सावित्री का अपने पति वीरेश से किसी को बात लेकर विवाद हो गया। खेत से सावित्री सीधे घर पहुंची और सुबह ग्यारह बजे के करीब कुंडे में रस्सी का फंदा बनाकर झूल गई। आसपास के लोगों ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। खेत से भी परिजन घर लौटे तो आननफानन में उसे फंदे से उतारा गया। सूचना पर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता बदायूं जनपद के थाना जरीफनगर के बस्तोई निवासी उरमान सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री सावित्री की शादी दो वर्ष पूर्व वीरेश के साथ हुई थी। शादी में अपनी यथासंभव दान दहेज भी दिया था लेकिन पुत्री के ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं हुए। दहेज में एक बाइक व एक भैंस की मांग करने लगे। मांगे पूरी नहीं हुई तो पुत्री को प्रताड़ित करने लगे। पुत्री अपने मायके आ गई और एक पुत्र को जन्म दिया। इसके बाद रिश्तेदारो के कहने पर पुत्री को ससुराल भेज दिया। बीस दिन पूर्व पुत्री मायके से अपनी ससुराल आई थी। मायके वालों ने पति वीरेश, सास कमला, ननद पूनम व ससुर हरेंद्र सिंह के खिलाफ तहरीर दी, जिसमें आरोपियों पर सावित्री की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी रवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पिता की तहरीर पर पति सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।